अब छोटे स्टेशनों पर भी मिलेगा लजीज खाना: पूर्व रेलवे के 4 मंडलों में बनेंगे फूड कोर्ट, आसनसोल-दुर्गापुर में भी नई प्लानिंग
आसनसोल । ट्रेन का सफर अब और भी मजेदार होने वाला है। सफर के दौरान यात्रियों को खाने-पीने की परेशानी न हो, इसके लिए पूर्व रेलवे ने बड़ा प्लान तैयार किया है। अब बड़े जंक्शनों के साथ-साथ छोटे-छोटे स्टेशनों पर भी फूड कोर्ट और फूड प्लाजा खोले जाएंगे।
पूर्व रेलवे के प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर डॉ. उदय शंकर झा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए चारों मंडलों – हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा में खानपान व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।
किन स्टेशनों पर बनेंगे फूड कोर्ट?
रेलवे की इस नई योजना के तहत कई छोटे स्टेशनों को चुना गया है –
1. सियालदह मंडल में: कल्याणी, राणाघाट, मध्यमग्राम, बारासात, चांदपाड़ा और बनगांव स्टेशनों पर अमृत भारत योजना के तहत नए फूड कोर्ट लगाए जाएंगे।
2. मालदा मंडल में: धुलियान गंगा, शिव नारायणपुर, सबौर, बांका, मुंगेर, कहलगांव, साहिबगंज और सुल्तानगंज जैसे छोटे स्टेशनों पर भी फूड कोर्ट बनाने की योजना है।
आसनसोल मंडल के यात्रियों के लिए विशेष तोहफा
आसनसोल मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर भी खाने-पीने की व्यवस्था और बेहतर होगी –
– आसनसोल स्टेशन: यहां एक और नया फूड प्लाजा, एक फास्ट फूड यूनिट, 14 नए फूड स्टॉल और एक मोबाइल फूड वैन लगाई जाएगी।
– दुर्गापुर स्टेशन: एक नया रिफ्रेशमेंट रूम, 4 नए स्टॉल, एक प्रीमियम स्टॉल और एक मोबाइल फूड वैन की योजना है।
– जसीडीह स्टेशन: रिफ्रेशमेंट रूम में फास्ट फूड काउंटर, एक फूड प्लाजा, 5 नए स्टॉल, 2 मोबाइल फूड वैन और एक प्रीमियम स्टॉल लगेगा।
– मधुपुर और पानागढ़: यहां भी फास्ट फूड यूनिट, प्रीमियम स्टॉल और मोबाइल फूड वैन लगाई जाएगी।
– चित्तरंजन, रानीगंज और अंडाल: इन स्टेशनों पर भी 1 से 2 नए स्टॉल और मोबाइल फूड वैन की सुविधा शुरू की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से न सिर्फ यात्रियों को स्टेशन पर ही साफ-सुथरा और अच्छा खाना मिल सकेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।














