“रूपनारायणपुर में बड़ा हादसा: टोटो सर्विस दुकान में बैटरी ब्लास्ट, धमाके के बाद लगी भीषण आग; मालिक गंभीर रूप से झुलसा”
सालानपुर । गुरुवार दोपहर रूपनारायणपुर के आमडांगा मोड़, सामडी रोड पर एक जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। यहां स्थित मां ऑटोमोबाइल टोटो सर्विस दुकान में अचानक भीषण विस्फोट हो गया।
यह हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दुकान में टोटो की बैटरी में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद पूरी दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखी टोटो की अन्य बैटरियां भी एक के बाद एक फटने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मालिक गंभीर रूप से झुलसा
इस हादसे में दुकान के मालिक सुभाष पाल गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह घायल सुभाष पाल को दुकान से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत *जिला अस्पताल* ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दो दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए चित्तरंजन और आसनसोल से दमकल की दो गाड़ियों को बुलाना पड़ा। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में बैटरी में शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है।














