दुर्गापुर के निजी मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्र की मौत से सनसनी, परीक्षा से 6 दिन पहले हॉस्टल में मिला शव – बिहार के सीतामढ़ी का था रहने वाला
Oplus_0
दुर्गापुर । दुर्गापुर से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। कांकसा थाना क्षेत्र के राजबांध स्थित गौरी देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड हॉस्पिटल के हॉस्टल में प्रथम वर्ष के एक मेडिकल छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है।
मृतक छात्र की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले 20 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।
परीक्षा का था दबाव, 3 सितंबर से शुरू होने वाले थे एग्जाम
बताया जा रहा है कि अभिषेक इस मेडिकल कॉलेज में MBBS प्रथम वर्ष का छात्र था। उसकी प्रथम वर्ष की परीक्षाएं आगामी 3 सितंबर से शुरू होने वाली थी और वह परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ था। ऐसे में उसकी अचानक मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
कैसे सामने आई घटना?
अस्पताल और हॉस्टल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक हॉस्टल के एक कमरे में अपने एक सहपाठी के साथ रहता था। बुधवार को घटना के समय उसका रूममेट नमाज अदा करने के लिए कमरे से बाहर गया हुआ था।
जब वह वापस लौटा तो उसने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। उसने काफी देर तक आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। अनहोनी की आशंका होने पर उसने तुरंत अन्य छात्रों और हॉस्टल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।
दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो अभिषेक संदिग्ध हालत में मिला। आनन-फानन में उसे उसी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कांकसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, छात्र के परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी गई है, जो बिहार से दुर्गापुर के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस इस मामले को आत्महत्या और अन्य सभी संभावित कोणों से देख रही है। क्या यह परीक्षा के दबाव का मामला है या कोई अन्य कारण है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल पाएगा। कॉलेज प्रशासन ने भी मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।














