आसनसोल में ABVP ने मनाया अनोखा रक्षाबंधन, पुलिस और अग्निशमन कर्मियों को बांधी राखी, दिया सामाजिक एकता का संदेश
आसनसोल । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जब हर कोई अपने घरों में भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार मना रहा था, तब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने इसे सामाजिक भाईचारे और समरसता के उत्सव के रूप में मनाया। ABVP की छात्राओं ने आसनसोल में पुलिस, अग्निशमन विभाग और आम नागरिकों को राखी बांधकर एकता और सुरक्षा का संदेश दिया।
ABVP के कार्यकर्ताओं का काफिला शहर के कई प्रमुख स्थानों पर पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने आसनसोल दक्षिण थाना, उत्तर थाना, फायर ब्रिगेड स्टेशन, न्यायालय परिसर और 7वीं बटालियन में तैनात जवानों और अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी और उनके लंबे जीवन और सुरक्षा की कामना की।
“छात्र शक्ति ही समाज की शक्ति है”
इस अवसर पर ABVP के नगर विस्तारक ऋषु सिंह ने कहा, “विद्यार्थी परिषद सिर्फ विद्यार्थियों के हितों के लिए ही काम नहीं करती, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभाती है। छात्र शक्ति ही समाज की असली शक्ति है और आसनसोल के युवा आने वाले दिनों में सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। हम अखंड, अनुशासित और सशक्त समाज के निर्माण के लिए संकल्पित हैं।”
वहीं जिला संयोजक ओम प्रकाश मिश्रा ने कहा, “हमारे समाज में कोई पराया नहीं है। वर्दी में खड़े पुलिसकर्मी, आग से लड़ने वाले फायर ब्रिगेड के जवान और आम नागरिक – हम सभी एक ही सामाजिक परिवार का हिस्सा हैं। ABVP समाज के हर व्यक्ति के सुख-दुख में हमेशा खड़ी रहेगी।”
राखी बंधवाने के बाद पुलिसकर्मियों और आम लोगों के चेहरे पर भी खुशी देखने को मिली। इस पहल से रक्षाबंधन का त्योहार केवल एक परिवार तक सीमित न रहकर पूरे समाज को एक धागे में पिरोने वाला पर्व बन गया।
इस कार्यक्रम में ऋषु सिंह, ओम प्रकाश मिश्रा के अलावा संजना कुमारी, हिया यादव, रिमझिम भंडारी, आयुष तिवारी, श्री प्रकाश मिश्रा, प्रिंस, आकाश चौधरी, प्रियांशु दुबे सहित परिषद के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।














