Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल में विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने किन्नर समाज से बंधवाई राखी, बोले – आप भी समाज का अभिन्न हिस्सा, सुरक्षा और सम्मान की लूंगा जिम्मेदारी

आसनसोल । शुक्रवार को रवींद्र भवन में आयोजित राखी बंधन उत्सव के दौरान एक बेहद भावुक और सामाजिक समरसता से भरा नजारा देखने को मिला। आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने किन्नर समाज के सदस्यों से राखी बंधवाकर समाज में समानता और सम्मान का बड़ा संदेश दिया।

उत्सव के मंच पर किन्नर समाज की प्रतिनिधियों ने विधायक की कलाई पर प्यार से राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र की कामना की। इसके जवाब में विधायक ने भी एक बड़े भाई की तरह उनके साथ हमेशा खड़े रहने का वचन दिया।

“राखी में बहन की प्रार्थना और भाई का संकल्प होता है”

इस मौके पर विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने कहा, “राखी बंधन का असली मतलब ही यही है कि बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसके मंगल की कामना करती है, ताकि कोई भी अशुभ शक्ति उसे छू न सके। और भाई, बहन की सुरक्षा, सम्मान और संरक्षण की जिम्मेदारी लेता है। यही इस पर्व की महत्ता है।”

किन्नर समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प
किन्नर समाज के सदस्यों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा, “आप लोग भी हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। आपको अलग रखकर किसी भी उत्सव की कल्पना अधूरी है। आपको समाज की मुख्यधारा में और मजबूती से जोड़ना, आपके सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है।”

उन्होंने मंच से ही संकल्प लिया कि किन्नर समाज के लोगों की सुविधाओं, उनकी रोजमर्रा की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को वे व्यक्तिगत रूप से देखेंगे और उनके अधिकारों की लड़ाई में एक भाई के रूप में हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।

विधायक के इस कदम की वहां मौजूद सभी लोगों ने सराहना की और इसे सामाजिक सद्भाव और समान सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *