रानीगंज में खाद्य गोदामों पर प्रशासन की रेड से मचा हड़कंप, पुलिस बल देख भड़के व्यापारी – चैंबर ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग
रानीगंज । बढ़ती महंगाई पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन की सख्ती के बाद रानीगंज के बाजारों में हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को प्रशासन की टीम ने शहर के कई बड़े खाद्य गोदामों पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान व्यापक संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी से व्यापारियों में भारी नाराजगी और दहशत का माहौल है।
व्यापक पुलिस देखकर व्यापारियों में गुस्सा
व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन को कीमतों की जांच का पूरा हक है, लेकिन जिस तरह गोदामों में पुलिस फोर्स के साथ घुसा गया, उससे ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा अपराध हुआ हो। इससे ईमानदार कारोबारियों की छवि पर भी असर पड़ रहा है।
इस कार्रवाई के विरोध में रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स ने तुरंत एक आपात बैठक बुलाई। बैठक में चीनी, तेल और अनाज के बड़े कारोबारियों समेत सभी वर्ग के व्यापारी शामिल हुए।
चैंबर बोला – संवाद से निकले समाधान
चैंबर के अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता और वर्किंग प्रेसिडेंट मनोज केशरी ने प्रशासन के तरीके पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “हम प्रशासन के खिलाफ नहीं हैं। हम भी चाहते हैं कि जनता को सही दाम पर सामान मिले। लेकिन जांच के नाम पर आतंक का माहौल बनाना गलत है। प्रशासन को व्यापारियों के साथ बैठकर बात करनी चाहिए।”
उन्होंने मांग की कि भविष्य में किसी भी तरह की जांच से पहले चैंबर को विश्वास में लिया जाए, ताकि प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
फिलहाल प्रशासन ने साफ किया है कि जमाखोरी रोकने और जनता को उचित मूल्य पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।














