स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंची अग्निमित्रा पॉल

आसनसोल । आसनसोल लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल ने बुधवार आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज का दौरा किया। यहां मतदान के बाद स्ट्रांग रूम में सारे ईवीएम रखे गए हैं। अग्निमित्रा पॉल बुधवार यहां पहुंची और उन्होंने यहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के दौरान जिस तरह की धांधली हुई थी। स्ट्रांग रूम में 2 घंटे तक करंट बंद कर दिया गया था। सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे। इसको देखते हुए वह अब कोई मौका नहीं देंगी और हर 2 घंटे में आकर यहां की परिस्थिति का जायजा लेंगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस बार केंद्रीय सुरक्षाबलों की निगरानी में सारे ईवीएम रखे गए हैं।

इसलिए टीएमसी के लिए नगर निगम चुनाव की तरफ धांधली करना इस बार संभव नहीं होगा। लेकिन फिर भी वह यहां लगातार आएंगी और यहां की स्थिति का जायजा लेंगी। उन्होंने कहा कि यहां भाजपा के कई समर्थक और कार्यकर्ता रात दिन मौजूद है। उनकी हौसला अफजाई के लिए भी वह यहां आती रहेंगी। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन जामुड़िया, बाराबनी आदि इलाकों में कई घटनाएं हुई थी। हर घटना की खबर उन तक नहीं पहुंची। लेकिन बुधवार को उनको पता चला है कि कई क्षेत्रों में रिगिंग हुई थी। इसलिए उन्होंने चुनाव आयोग से सीसीटीवी कैमरे को फिर से खंगालने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से चुनाव प्रचार में उन्होंने अपना 200 फीसदी दिया है। उसी तरह मतगणना तक भी वह अपना 200 फीसदी देंगी। ताकि टीएमसी को धांधली करने का कोई मौका न मिले।