बाराबनी में विकास की पोल खुली! पहली ही बारिश में 80 फीट सड़क धंसी, 7 फीट गहरा गड्ढा – PMGSY की गुणवत्ता पर उठे सवाल
बाराबनी। मूसलाधार बारिश ने बाराबनी में सरकारी निर्माण के दावों की पोल खोल दी है। मदनमोहनपुर गांव के पास भानोड़ा-भास्काजुड़ी से नूनी मोड़ जाने वाली मुख्य सड़क का करीब 80 से 90 फीट हिस्सा अचानक भरभरा कर ढह गया।
सड़क के बीचों-बीच 7 फीट गहरा गड्ढा, आवाजाही बंद
बताया जा रहा है कि रात में तेज पानी के बहाव के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया और बीच सड़क में 5 से 7 फीट गहरा विशाल गड्ढा बन गया। हादसे के बाद से इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। हजारों ग्रामीणों का संपर्क बाधित हो गया है। लोग जान जोखिम में डालकर सड़क किनारे बने कच्चे रास्ते से पैदल और बाइक से गुजरने को मजबूर हैं। हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर दी है।
बारिश का कहर या भ्रष्टाचार की भेंट? ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी थी और पहली ही तेज बारिश में इस तरह टूट जाना निर्माण की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
ग्रामीणों का कहना है कि “अगर इतनी अच्छी सड़क बनी थी तो एक बारिश में कैसे धंस गई? साफ है निर्माण में जमकर लापरवाही बरती गई है।”
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सिर्फ मिट्टी डालकर खानापूर्ति करने के बजाय इसकी उच्च स्तरीय जांच हो और एक मजबूत, स्थायी सड़क बनाई जाए।
अब सवाल यही है – क्या यह सड़क बारिश के दबाव से धंसी या घटिया निर्माण की वजह से? जवाब प्रशासन की जांच के बाद ही मिलेगा, लेकिन फिलहाल ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।














