दामोदर नदी में उफान! दुर्गापुर बैराज से 1 लाख 11 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया, निचले इलाकों में बाढ़ का अलर्ट
दुर्गापुर। झारखंड और पश्चिम बंगाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब दामोदर नदी पर दिखने लगा है। दामोदर का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
पंचेत-मैथन से पानी छोड़ा गया, दुर्गापुर बैराज पर दबाव
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पंचेत और मैथन डैम से चरणबद्ध तरीके से पानी छोड़ा जा रहा है। यह सारा पानी आकर दुर्गापुर बैराज में जमा हो रहा है, जिसके कारण बैराज का जलस्तर भी खतरनाक तरीके से बढ़ गया है।
1.11 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया
सिंचाई विभाग के सूत्रों के अनुसार, बुधवार दोपहर के बाद से दुर्गापुर बैराज से प्रति सेकंड 1 लाख 11 हजार 400 क्यूसेक की भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर झारखंड और बंगाल में बारिश और बढ़ती है तो बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा को और भी बढ़ाया जा सकता है।
प्रशासन हाई अलर्ट पर
पानी छोड़ने की मात्रा में इतनी बड़ी बढ़ोतरी होने से निचले दामोदर क्षेत्र – बर्दवान, हुगली, हावड़ा के कई हिस्सों में पानी घुसने की प्रबल आशंका है। इसे लेकर सिंचाई विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और दामोदर किनारे बसे सभी जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के किनारे न जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।














