दक्षिण बंगाल में बाढ़ का बड़ा खतरा! DVC ने मैथन-पंचेत से छोड़ा 1.20 लाख क्यूसेक पानी, 12 घंटे में 7 फीट बढ़ा दामोदर का जलस्तर – 5 जिलों में हाई अलर्ट
आसनसोल/दुर्गापुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच दक्षिण बंगाल पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। दामोदर घाटी निगम (DVC) ने मैथन और पंचेत जलाशयों से लगभग 1.20 लाख क्यूसेक पानी छोड़ दिया है, जिससे निचले इलाकों में हड़कंप मच गया है।
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, झारखंड के कैचमेंट एरिया में भारी बारिश और तेनुघाट जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण DVC के दोनों बड़े डैम में जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया था, जिसके बाद यह पानी छोड़ना पड़ा।

5 जिलों में बाढ़ का अलर्ट
DVC द्वारा पानी छोड़े जाने से सबसे ज्यादा असर पश्चिम बर्धमान, पूर्व बर्धमान, बांकुड़ा, हुगली और हावड़ा जिलों के निचले इलाकों पर पड़ने की आशंका है। प्रशासन ने इन जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
जानकार सूत्रों के अनुसार पिछले 12 घंटों में दामोदर नदी का जलस्तर लगभग 7 फीट तक बढ़ गया है। कई जगहों पर नदी का पानी किनारे के गांवों और खेतों में घुसना शुरू हो गया है।
स्थिति को देखते हुए राज्य प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। आपदा प्रबंधन की टीमें और पुलिस निचले इलाकों में लगातार माइकिंग कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रही है।














