बड़ा हादसा टला! बाराबनी के भानोरा में ECL का बुलडोजर एक्शन, 10 जर्जर क्वार्टर जमींदोज
बाराबनी । बाराबनी के भानोरा गिरमिट कोलियरी इलाके में किसी बड़े हादसे को रोकने के लिए ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन, CISF और पुलिस की मौजूदगी में 10 बेहद खतरनाक और जर्जर क्वार्टरों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया
कौन से क्वार्टर तोड़े गए?
ECL सूत्रों के अनुसार, ध्वस्त किए गए आवासों में 8 सी-टाइप और 2 डी-टाइप क्वार्टर शामिल हैं। ये सभी मकान लंबे समय से जर्जर हालत में थे, जिनकी छत और दीवारें कभी भी गिर सकती थीं। इनमें रहना खतरे से खाली नहीं था।
पहले दिया गया था नोटिस
ECL प्रबंधन ने बताया कि यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई। करीब 15-20 दिन पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस दिया गया था। साथ ही इलाके में माइकिंग कर लोगों से सुरक्षा कारणों से क्वार्टर खाली करने की अपील भी की गई थी। सभी के द्वारा आवास खाली करने के बाद ही JCB की मदद से ध्वस्तीकरण शुरू किया गया।
अभियान के दौरान ECL के अधिकारी, सुरक्षा कर्मी, CISF के जवान और बाराबनी थाना पुलिस मौके पर तैनात रही ताकि शांतिपूर्ण तरीके से कार्रवाई पूरी हो सके।
ECL अधिकारियों ने साफ कहा है कि कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में क्षेत्र के अन्य जर्जर और खतरनाक आवासों को भी चिन्हित कर इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।














