मानकर स्टेशन पर RPF का बड़ा एक्शन: तत्काल टिकट के काला बाजारी का भंडाफोड़, 19 साल का दलाल धराया, यात्रियों से वसूलता था 500 रुपये एक्स्ट्रा
मानकर । रेलवे में तत्काल टिकट के लिए लाइन में लगने वाले आम यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। टिकटों की कालाबाजारी करने वाले दलालों पर RPF ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मानकर रेलवे स्टेशन से RPF ने एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है जो जरूरतमंद यात्रियों को लूट रहा था।
कैसे करता था कांड?
आरोपी का तरीका बेहद शातिर था। वह सुबह-सुबह ही आरक्षण काउंटर की लाइन में सबसे आगे खड़ा हो जाता था। जैसे ही तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होती, वह टिकट निकाल लेता और फिर लाइन में पीछे खड़े मजबूर यात्रियों को वही टिकट 400 से 500 रुपये महंगा बेच देता था।
गुप्त सूचना पर RPF ने बिछाया जाल
RPF को गुप्त सूचना मिली थी कि मानकर स्टेशन पर कोई युवक दलाली कर रहा है। सूचना मिलते ही RPF की टीम ने सादे कपड़ों में यात्री आरक्षण केंद्र पर नजर रखनी शुरू की।
सुबह करीब 10:50 बजे एक युवक की हरकतें संदिग्ध लगीं। वह बार-बार इधर-उधर देख रहा था और फिर तत्काल की कतार में सबसे आगे जाकर खड़ा हो गया। 11:10 बजे टिकट खरीदते ही RPF ने उसे दबोच लिया।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार युवक की पहचान तरुण राय (19 वर्ष), पिता – निवासी प्रतापपुर, थाना बरजोड़ा, जिला बांकुड़ा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उसके पास से:
1. हावड़ा से रायपुर का एक तत्काल स्लीपर टिकट (कीमत 1,830 रुपये, 3 यात्री)
2. एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड
3. कई खाली आरक्षण फॉर्म बरामद हुए हैं।
पूछताछ में वह टिकट खरीदने की सही वजह नहीं बता पाया।
केस दर्ज, आगे भी होगी कार्रवाई
RPF ने आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। रेलवे अधिकारियों ने साफ कहा है कि यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई तत्काल सेवा में दलाली बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे दलालों के खिलाफ आगे भी लगातार छापेमारी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद मानकर स्टेशन पर दलालों में हड़कंप मच गया है।














