पांडवेश्वर में लगेगा उद्योगों का महाकुंभ! इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव 2026 की तैयारी तेज, विधायक जितेंद्र तिवारी ने गुलमोहर क्लब में लिया जायजा – बोले ‘युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए द्वार’
पांडवेश्वर । कोयलांचल में औद्योगिक क्रांति लाने की तैयारी जोरों पर है। पांडवेश्वर इंडस्ट्रियल एंड इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव 2026 को लेकर सियासी और औद्योगिक हलचल तेज हो गई है। इस मेगा इवेंट 27 सितंबर को होगी, जिसकी तैयारियों का जायजा लेने खुद पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी शुक्रवार बांकुला स्थित गुलमोहर क्लब पहुंचे।
विधायक ने खुद संभाला मोर्चा
गुलमोहर क्लब में प्रस्तावित इस बड़े कॉन्क्लेव स्थल पर पहुंचकर विधायक जितेंद्र तिवारी ने एक-एक व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा और निवेशकों के स्वागत की तैयारियों को लेकर आयोजकों और संबंधित अधिकारियों के साथ लंबी चर्चा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
पांडवेश्वर बनेगा निवेश का हब
मीडिया से बात करते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा, “यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पांडवेश्वर की तकदीर बदलने का मौका है। हमारा लक्ष्य है कि पांडवेश्वर को पश्चिम बंगाल के इंडस्ट्रियल मैप पर एक बड़ी पहचान दिलाई जाए।
उन्होंने कहा कि इस कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में नए निवेश को आकर्षित करना, बड़े उद्योगों को लाना और स्थानीय युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसर पैदा करना है। कोयला और जमीन से समृद्ध पांडवेश्वर में उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें इस कॉन्क्लेव के माध्यम से दुनिया के सामने लाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस कॉन्क्लेव में देश के कई बड़े उद्योगपति और निवेशक शामिल हो सकते हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी टीम दिन-रात जुटी हुई है।














