पांडवेश्वर में BJP का शक्ति केंद्र तैयार, छोरा में खुले नए कार्यालय का जितेंद्र तिवारी ने किया उद्घाटन
पांडवेश्वर। पांडवेश्वर विधानसभा में भाजपा ने अपनी संगठनात्मक ताकत को और मजबूत कर दिया है। मंडल-2 के छोरा क्षेत्र में भाजपा के नए भव्य पार्टी कार्यालय का उद्घाटन धूमधाम से किया गया। इस मौके पर भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही पांडवेश्वर में भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और जय श्रीराम के नारों के बीच फीता काटकर कार्यालय की शुरुआत की गई।
‘यह सिर्फ ऑफिस नहीं, जनता का दरबार है’ – जितेंद्र तिवारी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जितेंद्र तिवारी ने कहा, “यह नया कार्यालय सिर्फ चार दीवारें नहीं है। यह भाजपा का शक्ति केंद्र होगा, लेकिन इससे भी बढ़कर यह आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनके लिए लड़ने का मंच बनेगा।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन तभी मजबूत होता है जब कार्यकर्ताओं में आपसी समन्वय हो और जनता से सीधा जुड़ाव हो। इस नए कार्यालय से जनसंपर्क और तेज होगा और हर बूथ तक पार्टी की पहुंच और मजबूत होगी।
तिवारी ने साफ कहा कि भाजपा का एक ही लक्ष्य है – संगठन को बूथ लेवल तक मजबूत करना और जनहित के मुद्दों पर लगातार मैदान में डटे रहना।
कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
नए कार्यालय खुलने से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी उत्साह है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अब उन्हें बैठक और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एक स्थायी जगह मिल गई है, जिससे आने वाले दिनों में पांडवेश्वर में पार्टी और तेजी से मजबूत होगी।














