ECL राजमहल में ‘सतर्कता पाठशाला’, GM ए.एन. नायक ने दिलाई ईमानदारी की शपथ, बोले- पारदर्शिता ही असली ताकत है
राजमहल । कोयला उद्योग में पारदर्शिता और ईमानदारी को लेकर ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) अब पूरी तरह से सख्त हो गया है। इसी कड़ी में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत 4 सितंबर 2026 को ECL के राजमहल क्षेत्र में एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
यह कार्यशाला ECL मुख्यालय की सतर्कता टीम द्वारा आयोजित की गई थी, जिसका नेतृत्व क्षेत्रीय महाप्रबंधक ए. एन. नायक के मार्गदर्शन में किया गया।
SOP और वेब्रिज में गड़बड़ी पर लगेगी लगाम
कार्यशाला का मुख्य फोकस इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और E&T विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर था। अधिकारियों को बताया गया कि कैसे SOPs, कंपनी मैनुअल्स और वेब्रिज (धर्मकांटा) से जुड़ी प्रक्रियाओं में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े भ्रष्टाचार को जन्म दे सकती है।
मुख्यालय से आए एक्सपर्ट्स ने प्रैक्टिकल उदाहरण देकर समझाया कि नियमों का पालन कैसे करना है और कहां सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि कोयले की तौल और तकनीकी खरीद में कोई गड़बड़ी न हो।
सत्यनिष्ठा की शपथ से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत ही एक मजबूत संदेश के साथ हुई। क्षेत्रीय महाप्रबंधक ए.एन. नायक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा (Integrity Pledge) की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा, “किसी भी संगठन की असली ताकत उसकी मशीनें नहीं, बल्कि उसकी कार्य संस्कृति है। कार्यस्थल पर पारदर्शिता, ईमानदारी और नियमों का पालन होगा, तभी हम एक मजबूत ECL बना पाएंगे।”
उन्होंने साफ कहा कि ऐसी कार्यशालाओं का मकसद डराना नहीं, बल्कि कर्मचारियों को नियमों के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाना है।
कई बड़े अधिकारी रहे मौजूद
इस अहम कार्यशाला में महाप्रबंधक (संचालन) दिनेश शर्मा, क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक मनोज ई. टुडू समेत राजमहल क्षेत्र के सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कुल मिलाकर यह कार्यशाला राजमहल क्षेत्र में भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और जवाबदेह कार्य संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।














