शिक्षक दिवस पर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का अनोखा सम्मान, घर-घर जाकर टीम ने किया गुरुओं को नमन, शिक्षक बोले – उपहार नहीं, याद रखना बड़ी बात
आसनसोल। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी की ओर से शिक्षकों के सम्मान में एक विशेष और दिल छू लेने वाली पहल की गई। विधायक की टीम ने विधानसभा क्षेत्र के कोने-कोने में जाकर शिक्षकों को सम्मानित किया।
विधायक के निर्देश पर उनकी टीम के सदस्यों ने क्षेत्र के विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों के शिक्षकों से उनके घर जाकर मुलाकात की और उन्हें उपहार भेंट कर अभिनंदन किया। यह सम्मान समारोह किसी बड़े मंच पर नहीं, बल्कि शिक्षकों के बीच जाकर किया गया, जिसकी सभी ने जमकर सराहना की।
“याद रखा जाना ही सबसे बड़ा सम्मान है” – शिक्षकों ने कहा
सम्मान पाकर शिक्षक काफी भावुक नजर आए। शिक्षकों ने कहा कि उपहार का मूल्य बड़ा नहीं होता, बड़ा होता है सम्मान और याद रखा जाना। उन्होंने कहा कि आज के व्यस्त राजनीतिक दौर में भी विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने शिक्षक दिवस पर उन्हें याद रखा, यह उनके लिए बेहद सम्मान की बात है।
एक शिक्षक ने कहा, “एक जनप्रतिनिधि जब इस तरह आकर सम्मान देता है, तो समाज में शिक्षक की गरिमा और बढ़ती है। यह सम्मान हम जीवन भर याद रखेंगे।”
टीम की सक्रिय भूमिका
इस पूरे सम्मान अभियान में विधायक की टीम के बंटी सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे। टीम ने सूची बनाकर एक-एक शिक्षक तक उपहार और शुभकामना संदेश पहुंचाया।
विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी की इस पहल की पूरे विधानसभा क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है और लोग इसे एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बता रहे हैं।














