पश्चिम बर्दवान में शिक्षा क्रांति की तैयारी! DM से मिले भाजपा जिलाध्यक्ष देबतानु भट्टाचार्य, वंचितों को साक्षर बनाने पर हुई अहम चर्चा
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
पश्चिम बर्धमान जिले में शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रशासन और राजनीतिक स्तर पर कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में *भाजपा के जिला अध्यक्ष देबतानु भट्टाचार्य ने आज जिलाधिकारी (DM) एस पन्नोबालम से मुलाकात कर शिक्षा के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की।
हर घर तक शिक्षा पहुंचाने का लक्ष्य
बैठक में जिले में शिक्षा के प्रसार, स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
देबतानु भट्टाचार्य ने कहा कि जिले के कई इलाकों में आज भी ऐसे परिवार हैं जो शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित हैं। उनका लक्ष्य है कि *समाज के प्रांतिक, गरीब और निरक्षर लोगों को साक्षरता की रोशनी से जोड़ा जाए।
“शिक्षित समाज ही सशक्त समाज”
उन्होंने कहा, “एक शिक्षित और जागरूक समाज ही सशक्त बंगाल का निर्माण कर सकता है। हमारा प्रयास है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। पश्चिम बर्धमान में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करना हमारी प्राथमिकताओं में है।”
सूत्रों के मुताबिक जिलाधिकारी एस पन्नोबालम ने भी इस पहल को सकारात्मक बताया और शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। जल्द ही जिले में साक्षरता अभियान और स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर ठोस कदम उठाए जा सकते हैं।














