आसनसोल में NH-19 पर दहशत! नाइट ड्यूटी जा रहे कर्मचारी को बदमाशों ने मारी गोली, लूट का विरोध करने पर चलीं दो राउंड फायरिंग, इलाके में सनसनी
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
आसनसोल में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) के पास नाइट ड्यूटी पर जा रहे एक कर्मचारी को गोली मारने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
कौन है घायल?
घायल की पहचान सालानपुर के अल्लाडी पंचायत के धागुड़ी निवासी हरिदास लायक (43 वर्ष) के रूप में हुई है। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुई वारदात?
बताया जा रहा है कि हर रोज की तरह हरिदास बाइक से आसनसोल के श्रीहरि ग्लोबल स्कूल में नाइट ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी DPS के पास अचानक बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की।
बदमाशों ने उनका बैग छीनने की कोशिश की। हरिदास ने जब इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। आरोप है कि उन्हें निशाना बनाकर लगातार दो गोलियां चलाई गईं, जिसमें से एक गोली उनके पैर में जा लगी।
घायल होने के बाद भी दिखाई हिम्मत
लेकिन यहीं कहानी खत्म नहीं हुई। गोली लगने के बावजूद हरिदास पीछे नहीं हटे। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए हमलावरों का मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की खबर मिलते ही सलानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को बचाकर ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटनास्थल से एक इस्तेमाल किया हुआ कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है।














