बंगाल में कांग्रेस का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल! 35 जिलों में नए अध्यक्षों का ऐलान, पश्चिम बर्धमान की कमान किसे मिली?
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
लोकसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ने संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने राज्य में ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत बड़ा फैसला लेते हुए 35 जिला कांग्रेस कमेटियों (DCC) के नए अध्यक्षों के नामों का ऐलान कर दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा अनुमोदित यह प्रस्ताव तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसकी जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के. सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
कैसे चुने गए नए अध्यक्ष?
पार्टी सूत्रों के अनुसार ये सभी नियुक्तियां सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि जमीनी समीक्षा के बाद की गई हैं। अभियान के तहत हर जिले में AICC द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों ने दौरा कर पार्टी पदाधिकारियों, ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं और अन्य हितधारकों से संवाद किया था। उनकी विस्तृत रिपोर्ट और वरिष्ठ नेताओं के साथ व्यक्तिगत चर्चा के बाद ही अंतिम नामों पर मुहर लगाई गई है।
पश्चिम बर्धमान के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने जताया आभार
इस ऐलान के बाद पश्चिम बर्धमान जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा –
“अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और शीर्ष नेतृत्व ने मुझ पर जो अटूट विश्वास जताया है, उसके लिए मैं पार्टी आलाकमान, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। पश्चिम बर्धमान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की सेवा का बड़ा संकल्प है।”
उन्होंने आगे कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत मिली इस जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उनकी पहली प्राथमिकता जिले के हर ब्लॉक, वार्ड और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना होगा।
उन्होंने कहा, “पश्चिम बर्धमान औद्योगिक और श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र है। यहाँ के मजदूरों, युवाओं, किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाना, उनके अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करना ही हमारा मुख्य लक्ष्य रहेगा।”














