आसनसोल स्टेशन पर बसों से 6000 रुपये वसूली का आरोप! बर्नपुर-स्टेशन रूट की सभी मिनी बसें बंद, यात्री परेशान
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
आसनसोल रेलवे स्टेशन और बर्नपुर के बीच चलने वाली सभी मिनी बस और बड़ी बसों का परिचालन आज से बंद कर दिया गया है। इससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्या है पूरा मामला?
बस मालिकों का आरोप है कि वर्षों से वे स्टेशन तक बस चला रहे हैं, लेकिन अब रेलवे स्टेशन परिसर में बस खड़ी करने के लिए प्रति बस 6000 रुपये महीना और प्रति ट्रिप 50 रुपये की मांग की जा रही है।
बस चालकों का कहना है कि स्टेशन पर बस को कुछ देर रुकने भी नहीं दिया जाता। अगर वे मजबूरी में 13 नंबर मोड़ के पास बस रोकते हैं तो RPF हटा देती है। कुछ चालकों ने गाली-गलौज और मारपीट का भी आरोप लगाया है।
बस कर्मियों का कहना है कि पहले से ही टोटो-ऑटो के कारण कमाई कम हो गई है, ऐसे में इतना शुल्क देना संभव नहीं है।
विधायक से मिले बस कर्मी
समस्या को लेकर बस मालिक, चालक और खलासी आज विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी से मिलने पहुंचे। इस दौरान कल्याण दासगुप्ता, दीपक गुप्ता, प्रदीप सिंह, अजय यादव आदि मौजूद थे।
विधायक ने उनकी शिकायत सुनने के बाद तुरंत रेलवे अधिकारियों से फोन पर बात कर पार्किंग टेंडर की जानकारी ली। उन्होंने बस मालिकों को लिखित शिकायत देने को कहा और समाधान का आश्वासन दिया।
बस मालिकों ने साफ कहा है कि जब तक समाधान नहीं होता, बर्नपुर से आसनसोल स्टेशन रूट पर बस सेवा बंद रहेगी।















