आसनसोल में गणपति बप्पा मोरया की गूंज – महावीर स्थान में 38वें श्री गणेश पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने किया दीप प्रज्ज्वलित
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
आसनसोल के हृदय स्थल जी.टी. रोड स्थित ऐतिहासिक महावीर स्थान में गणपति उत्सव की धूम मची हुई है। महावीर स्थान श्री गणेश पूजा समिति द्वारा इस साल 38वाँ श्री गणेश पूजा महोत्सव बड़े ही धूमधाम, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
विधायक ने किया शुभारंभ, ऐतिहासिक धरोहर के विकास पर जोर
सोमवार संध्या को इस भव्य महोत्सव का शुभारंभ आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही पूरा परिसर “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महावीर स्थान मंदिर आसनसोल की एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है, इसके विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उपस्थित सभी गणमान्य लोगों ने भी मंदिर के और अधिक विकास पर जोर दिया।
इस मौके पर आसनसोल नगर निगम के पूर्व चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, महावीर स्थान सेवा समिति के सचिव अरुण शर्मा, पूजा समिति के अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, सचिव संजय जालान, अनिल जालान सहित शहर के कई विशिष्ट गणमान्य लोग मौजूद रहे।
5 दिनों तक चलेगा भक्ति का महासंगम – ये है पूरा कार्यक्रम
समिति के सचिव संजय जालान ने पूजा के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान रोजाना विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है।
– रोजाना आरती और भोग: प्रतिदिन सुबह 10 बजे और शाम 7 बजे महाआरती होगी, साथ ही लड्डू और बूंदिया का विशेष भोग लगाया जाएगा। सोमवार रात 9 बजे से पांच पंडितों द्वारा गणेश स्तुति पाठ किया गया।
– मंगलवार (आज): रात 8 बजे से भजनों की अमृत वर्षा होगी और 56 भोग का भव्य आयोजन किया जाएगा।
– बुधवार (16.09.26): रात 8 बजे से चण्डी पाठ और श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी भोग का प्रसाद।
– गुरुवार (17.09.26): रात 8 बजे से Art of Living द्वारा विशेष भजन-कीर्तन और खीर भोग का आयोजन, इसके बाद रात 9 बजे से डांडिया उत्सव।
– शुक्रवार (18.09.26): महोत्सव के अंतिम दिन शाम 7 बजे से गणेश जी की भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी और उसके बाद मूर्ति विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन होगा।
इस अवसर पर आसनसोल नगर निगम के आयुक्त दीपक मिश्रा सपरिवा, पवन गुटगुटिया, विजय शर्मा, मिट्ठू घांटी, शंकर चौधरी, भृगु ठाकुर, शंकर शर्मा, सुनील मुकीम, सुरजीत सिंह मक्कर, मुकेश शर्मा, आनंद पारीख, अभिषेक केडिया, मनीष भगत, अभिषेक वर्मन सहित पूजा समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।
















