आसनसोल में टोटो चालकों के लिए बड़ा झटका! NH और SH पर टोटो चलाने पर लगेगा बैन, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश – जाम और हादसों पर लगेगी लगाम
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
आसनसोल की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे टोटो पर अब प्रशासन नकेल कसने जा रहा है। शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा फैसला लिया है। अब नेशनल हाईवे (NH) और स्टेट हाईवे (SH) पर टोटो का परिचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाएगा।
इसको लेकर सोमवार को प्रशासनिक भवन में एक हाई-लेवल बैठक हुई। बैठक में डीसी ट्रैफिक और एडीएम के साथ मिनी बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
हाईवे पर टोटो से बढ़ रहा हादसों का खतरा
बैठक में अधिकारियों ने साफ कहा कि नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर धड़ल्ले से चल रहे टोटो के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और बड़े हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच धीमी गति से चलने वाले टोटो यातायात व्यवस्था को पूरी तरह बिगाड़ रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब हाईवे पर टोटो के परिचालन को लेकर नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
मिनी बस एसोसिएशन ने भी रखी अपनी बात
इस दौरान मिनी बस एसोसिएशन के सदस्यों ने भी यातायात से जुड़ी अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। उन्होंने बताया कि कैसे हाईवे पर बेतरतीब चल रहे टोटो के कारण बसों को चलाने में दिक्कत होती है और जाम लगता है। बैठक का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाना था।
अब क्या होगा?
प्रशासन के इस सख्त रुख के बाद आने वाले दिनों में हाईवे पर पुलिस की निगरानी और चेकिंग अभियान तेज होने वाला है। इससे टोटो चालकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहाl है कि अगर हाईवे से टोटो हटा दिए गए तो रोजाना हाईवे किनारे रहने वाले और सफर करने वाले हजारों स्थानीय यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्या होगी? क्या प्रशासन ने इसके लिए कोई प्लान तैयार किया है? इसका जवाब आने वाले दिनों में ही मिलेगा।















