आसनसोल में शिक्षा के भविष्य पर बड़ा मंथन – कॉलेज प्रोफेसरों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने किया संवाद, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
“शिक्षा ही राष्ट्र के भविष्य की सबसे मजबूत नींव है” – इसी सोच के साथ आसनसोल में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आसनसोल सांगठनिक जिले के विभिन्न प्रतिष्ठित कॉलेजों के प्रोफेसरों और शहर के जाने-माने शिक्षाविदों ने हिस्सा लिया।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्रों के भविष्य पर हुई गहन चर्चा
बैठक में वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के स्तर में सुधार, छात्रों को बेहतर अवसर और प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने तथा शिक्षा को और अधिक प्रभावी व रोजगारपरक बनाने जैसे अहम मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। अनुभवी शिक्षकों ने अपने लंबे अनुभव के आधार पर शिक्षा में सुधार से जुड़े कई रचनात्मक और महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा – शिक्षकों के सुझाव से ही होगा बदलाव
इस विशेष बैठक में भाजपा आसनसोल सांगठनिक जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भारत का भविष्य हैं, और उनके बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और अनुभवी शिक्षाविदों का मार्गदर्शन बेहद जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा, “शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव तभी संभव है जब हम सभी – शिक्षक, समाज और संगठन मिलकर छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करें। हम शिक्षाविदों के हर सुझाव को गंभीरता से लेकर उसे जमीन पर उतारने का प्रयास करेंगे।”















