आसनसोल उत्तर विधायक का रेलपार में औचक निरीक्षण – OK रोड में कचरा डंपिंग और तालाब पाटने पर सख्त, बोले- अब नहीं चलेगी मनमानी
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
आसनसोल उत्तर विधानसभा के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी गुरुवार को रेलपार इलाके के OK रोड में औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। इलाके के लोगों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक ने खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।
कचरा डंप कर जलाया जा रहा, लोगों का जीना मुहाल
स्थानीय लोगों ने विधायक को बताया कि इस इलाके में रोजाना कचरा डंप किया जाता है और फिर उसे जला दिया जाता है। इससे उठने वाले धुएं और बदबू से पूरे इलाके में प्रदूषण फैल गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
इस पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछली सरकार के समय इन बुनियादी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया, इसलिए आज हालात इतने खराब हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा।
तालाब को पाटने की साजिश पर फूटा गुस्सा
निरीक्षण के दौरान विधायक को पता चला कि कचरा फेंक-फेंक कर यहां के एक तालाब को भरने / पाटने की कोशिश की जा रही है। इस पर उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तालाब को उसकी पूर्व अवस्था में वापस लाया जाए और उस जगह को साफ-सुथरा कर बच्चों के खेलने के लिए एक पार्क बनाया जाए।
लोगों ने किया गर्मजोशी से स्वागत
OK रोड पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। विधायक ने भी लोगों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि विधायक के तौर पर वह रेलपार की हर समस्या को दूर करने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास करेंगे।















