Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

अंडाल में ग्रीन माउंटेन सिटी की अनोखी पहल – विश्वकर्मा पूजा पर सैकड़ों जरूरतमंद महिलाओं को बांटी साड़ियां, कराया भोज

अंडाल / शिल्पांचल टुडे

त्योहार सिर्फ पूजा-पाठ का नाम नहीं, बल्कि खुशियां बांटने का भी नाम है। इसी सोच के साथ विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर अंडाल के ग्रीन माउंटेन सिटी ने सामाजिक सरोकार की एक मिसाल पेश की।

शुक्रवार को ग्रीन माउंटेन सिटी की ओर से आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सैकड़ों गरीब और जरूरतमंद महिलाओं के बीच नई साड़ियों का वितरण किया गया। दुर्गा पूजा से ठीक पहले मिली इस सौगात से महिलाओं के चेहरों पर खुशी साफ देखी गई। कार्यक्रम में साड़ी वितरण के साथ-साथ सभी के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।

हर साल निभाते हैं सामाजिक जिम्मेदारी

ग्रीन माउंटेन सिटी के संचालक अभय मुखर्जी ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं है। हर वर्ष विश्वकर्मा पूजा पर इस तरह का सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

उन्होंने कहा, “सामने दुर्गा पूजा है, जो बंगाल का सबसे बड़ा त्योहार है। ऐसे में हम चाहते हैं कि कोई भी जरूरतमंद परिवार त्योहार की खुशी से वंचित न रहे। खुशियां बांटने से ही बढ़ती हैं, यही हमारा उद्देश्य है।”

उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल यह कार्यक्रम साल में एक बार होता है, लेकिन आने वाले दिनों में इसे पूरे साल चलाने की योजना है, ताकि जरूरतमंदों तक लगातार मदद पहुंचाई जा सके।

खुशियां बांटना ही असली पूजा है – चंद्रानी मुखर्जी

इस मौके पर अभय मुखर्जी की पत्नी चंद्रानी मुखर्जी ने कहा, “त्योहार की असली खुशी तब है जब समाज के हर वर्ग तक वह खुशी पहुंचे। गरीब महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान देखकर लगता है कि हमारी पूजा सफल हुई।”

उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह के सामाजिक कार्यों को और बड़े पैमाने पर किया जाएगा।

इस पहल के जरिए ग्रीन माउंटेन सिटी ने यह संदेश दिया है कि व्यापार के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही जरूरी है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *