Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

पांडवेश्वर में दिल दहलाने वाली घटना – रातभर सड़क पर तड़पता रहा केबल ऑपरेटर, मोबाइल लोकेशन से हुई जान बचाने वाली खोज

पांडवेश्वर, शिल्पांचल टुडे । पांडवेश्वर थाना क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। रात के अंधेरे में मोबाइल में गूगल मैप पर रास्ता देखते हुए घर लौट रहा एक युवक जर्जर सड़क के गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और पूरी रात वहीं पड़ा रहा। परिवार रातभर उसे ढूंढता रहा, लेकिन सुबह मोबाइल टावर लोकेशन ने उसकी जान बचा ली।

क्या है पूरा मामला?

घायल युवक की पहचान कांकसा थाना क्षेत्र के 11 माइल के डांगालपाड़ा निवासी प्रसून बनर्जी (केबल लाइन ऑपरेटर) के रूप में हुई है।

गुरुवार रात प्रसून काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। घर लौटने से पहले उसने परिवार को फोन भी किया था। लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, फोन मिलाया तो वह घायल अवस्था में कभी एक जगह का नाम तो कभी दूसरी जगह का नाम बता रहा था। हादसे की वजह से वह अपना सही लोकेशन भी नहीं बता पा रहा था।

टावर लोकेशन बना देवदूत

आखिरकार सुबह परिवार ने पुलिस की मदद से उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करवाई। लोकेशन निकली – हरिपुर के पुराने भाटमूड़ा इलाके में, जो ईसीएल का अधिग्रहित और धंसाव (Subsidence) प्रभावित क्षेत्र है। यहां कोयला खनन के कारण सड़क को बंद किया जा रहा है और सड़क पूरी तरह से टूटी-फूटी और जर्जर है। न कोई लाइट है, न कोई बैरिकेड।

सूचना मिलते ही पांडवेश्वर थाना पुलिस और ईसीएल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और घायल प्रसून को बरामद किया।

उसे तुरंत दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

ईसीएल की लापरवाही पर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर ईसीएल और प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि धंसाव प्रभावित इलाके में बिना किसी चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा के सड़क को यूं ही छोड़ दिया गया है, जो कभी भी किसी की जान ले सकता है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *