शनिवार सुबह कोहरे की चादर में लिपटा दुर्गापुर, NH-19 पर जीरो विजिबिलिटी से थमी वाहनों की रफ्तार, हेडलाइट जलाकर रेंगते दिखे वाहन
दुर्गापुर / शिल्पांचल टुडे
औद्योगिक शहर दुर्गापुर में शनिवार की सुबह मौसम ने करवट ली। पूरा शहर घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटा नजर आया। सिटी सेंटर, बेनाचिटी, सिटी सेंटर बस स्टैंड समेत कई इलाकों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
विजिबिलिटी हुई कम, बढ़ी ठंड
सुबह से ही दुर्गापुर में कोहरे के साथ हल्की ठंड का अहसास भी बढ़ गया। कई दिनों की उमस भरी गर्मी के बाद कोहरे भरी सुबह ने लोगों को ठंड का एहसास कराया। सुबह टहलने निकले लोगों को भी कोहरे के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। दृश्यता इतनी कम थी कि कुछ मीटर की दूरी पर खड़ा व्यक्ति भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था।
NH-19 पर सबसे ज्यादा असर, हेडलाइट जलाकर चलनी पड़ी गाड़ियां
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर देखने को मिला। कोलकाता से दिल्ली को जोड़ने वाले इस व्यस्त हाईवे पर सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम हो गई।
दूर से आ रहे वाहन दिखाई नहीं दे रहे थे, जिसके कारण बड़े वाहनों से लेकर छोटी गाड़ियों तक की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। कई वाहन चालक अपनी गाड़ियों की हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर धीमी गति से रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए।
पुलिस की अपील – धीरे चलें, सुरक्षित चलें
कोहरे के कारण सड़क हादसे की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे के दौरान गति नियंत्रित रखें, वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखें और हेडलाइट का इस्तेमाल जरूर करें। ओवरटेक करने से बचें और पूरी सावधानी के साथ वाहन चलाएं।















