Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

साइबर जालसाजों पर ADPC का शिकंजा – बराकर के दासपाड़ा में घर-घर सर्च ऑपरेशन, मोचीपाड़ा नेटवर्क की जांच तेज

कुल्टी / शिल्पांचल टुडे

साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) ने अब अपना शिकंजा और कस दिया है। शनिवार को पुलिस ने बराकर के दासपाड़ा इलाके में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पुलिस की टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर घर-घर जाकर तलाशी ली। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चल रहा है अभियान

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पिछले कुछ दिनों से नियामतपुर-मोचीपाड़ा इलाके में साइबर अपराधियों के खिलाफ ADPC का लगातार एक्शन चल रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) और साइबर सेल की टीम शिल्पांचल के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही है। पुलिस मोचीपाड़ा से जुड़े साइबर नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

कई आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी

इस नेटवर्क की जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। रिपोर्ट के अनुसार, नियामतपुर की प्रिया कॉलोनी निवासी सुबोध दीप बनर्जी को भी निशानदेही के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। वहीं लच्छीपुर के लालबत्ती इलाके में हुई कार्रवाई के दौरान भी एक युवक को हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई है।

तकनीकी जांच से खुलेंगे राज

पुलिस सूत्रों का कहना है कि मोचीपाड़ा और उसके आसपास सक्रिय साइबर ठगों के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। पुलिस मोबाइल ट्रैकिंग, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी माध्यमों से इस गिरोह की कड़ियों को जोड़ रही है।

बराकर दासपाड़ा में हुई तलाशी के दौरान क्या कुछ बरामद हुआ है और कितने लोगों पर कार्रवाई हुई है, इसको लेकर पुलिस की तरफ से अभी आधिकारिक बयान आना बाकी है। आधिकारिक जानकारी के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ पाएगी।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *