NJP स्टेशन पर RPF-GRP की बड़ी कार्रवाई – त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस से 4 रोहिंग्या संदिग्ध पकड़े, मानव तस्करी के एंगल से जांच शुरू
सिलीगुड़ी / न्यू जलपाईगुड़ी। शिल्पांचल टुडे
न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। RPF और GRP की संयुक्त टीम ने त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक नाबालिग लड़की समेत चार संदिग्ध विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है।
कैसे पकड़े गए चारों संदिग्ध?
सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध विदेशी नागरिक भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पार कर ट्रेन के जरिए आगे जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही RPF इंस्पेक्टर मुकेश कुमार रजक के नेतृत्व में RPF और GRP की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस में सर्च ऑपरेशन चलाया।
जांच के दौरान जनरल डिब्बे से चार लोगों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मोहम्मद सलाम (26), मोहम्मद सुफायेद (18), मोफिजुर रहमान (17) और जैनब बीबी (17) बताया है।
म्यांमार से बांग्लादेश होते हुए भारत में घुसे
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि चारों मूल रूप से म्यांमार के रहने वाले हैं और बांग्लादेश के शरणार्थी शिविरों में रह रहे थे। वहीं से अवैध तरीके से बॉर्डर पार कर वे भारत में दाखिल हुए थे। हालांकि पुलिस इनके दावों की गहनता से जांच कर रही है।
मानव तस्करी का शक
GRP ने इस मामले में विदेशी अधिनियम (Foreigners Act) के तहत केस दर्ज कर लिया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि –
– ये चारों भारत में कैसे और किसकी मदद से घुसे?
– इनका अंतिम ठिकाना कहां था?
– क्या इसके पीछे कोई बड़ा मानव तस्करी का नेटवर्क काम कर रहा है?
फिलहाल चारों से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
