3 बोरियों में 3 लाख के सिक्के! आसनसोल बॉर्डर पर यात्री बस से बड़ा खुलासा, बिहार कनेक्शन से हड़कंप
कुल्टी, शिल्पांचल टुडे
बिहार से बंगाल में खुले सिक्कों की तस्करी के खेल का पर्दाफाश हुआ है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस की डिटेक्टिव टीम ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस से सिक्कों से भरी 3 बोरियां बरामद की हैं।
बंगाल-झारखंड बॉर्डर पर पकड़ा गया माल
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से बड़ी मात्रा में सिक्के बंगाल लाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही DD की टीम ने कुल्टी थाना इलाके के डुबुडीही चेकपोस्ट (NH-19) पर जाल बिछाया।
सुबह-सुबह बंगाल में घुस रही बस को रोककर जब चेकिंग की गई तो पुलिस भी हैरान रह गई। बस में रखी तीन बड़ी बोरियों में 1, 2, 5, 10 और 20 रुपये के सिक्के खचाखच भरे हुए थे, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
कोई भी नहीं बना मालिक, जांच तेज
पुलिस ने जब सिक्कों के बारे में पूछा तो ड्राइवर से लेकर खलासी और यात्रियों तक, किसी ने भी बोरियों पर अपना हक नहीं जताया। इस वजह से फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया है और अब इस बात की जांच हो रही है कि आखिर ये सिक्के कहां से लाए गए थे, इन्हें पिघलाने के लिए ले जाया जा रहा था या किसी हवाला-फर्जी कारोबार में इस्तेमाल होना था।















