काजोड़ा के कुलबागान में दिल दहला देने वाली घटना – घर से 500 मीटर दूर सुनसान जगह पर युवक की लटकी मिली लाश
अंडाल, शिल्पांचल टुडे
अंडाल थाना क्षेत्र के काजोड़ा पंचायत अंतर्गत कुलबागान इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय गौतम बागदी के तौर पर हुई है, जो काजोड़ा कुलबागान का ही रहने वाला था।
बताया जा रहा है कि गौतम मंगलवार से अचानक गायब हो गया था। परिजन और मोहल्ले के लोग उसकी तलाश में लगे थे। बुधवार सुबह घर से महज 500 मीटर की दूरी पर एक सुनसान जगह पर उसका शव लटका हुआ देखा गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
खबर मिलते ही अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी।














