जामुड़िया के बागड़ीहा की बेटी ने रचा इतिहास – WBP कांस्टेबल भर्ती में महिला वर्ग में पूरे बंगाल में बनी टॉपर
जामुड़िया, शिल्पांचल टुडे
जामुड़िया थाना क्षेत्र के सुदूर गांव बागड़ीहा ने आज पूरे बंगाल में अपनी पहचान बना ली है। इस गांव की बेटी कविता बाग ने West Bengal Police Constable भर्ती परीक्षा में महिला वर्ग की मेरिट लिस्ट में पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है
साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली कविता की इस सफलता से पूरे गांव में जश्न का माहौल है। सीमित संसाधनों, गांव की कच्ची पगडंडियों और तमाम संघर्षों के बीच कविता ने जो मुकाम हासिल किया है, वो ग्रामीण क्षेत्र की हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा बन गया है।
परिणाम घोषित होते ही कविता के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिवार की आंखों में खुशी के आंसू हैं। गांव के लोगों का कहना है कि बागड़ीहा जैसे छोटे से गांव की बेटी का राज्य टॉप करना पूरे आसनसोल-जामुड़िया के लिए गर्व की बात है।
कविता की यह सफलता साबित करती है कि अगर इरादे मजबूत हों तो गांव की बेटी भी पूरे राज्य में अपना परचम लहरा सकती है। अब जल्द ही कविता बंगाल पुलिस की वर्दी में देश सेवा के अपने सपने को पूरा करती नजर आएंगी।














