Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

मंत्री की विकास बैठक में स्थानीय संस्थाओं की अनदेखी पर भड़का चेंबर ऑफ कॉमर्स – सचिव शंभूनाथ झा ने मंत्री सहित सभी अधिकारियों को भेजा पत्र

आसनसोल, शिल्पांचल टुडे।

आसनसोल सर्किट हाउस में विधायक सह मंत्री अग्निमित्रा पॉल की अध्यक्षता में हुई विकास बैठक पर अब विवाद खड़ा हो गया है। इस बैठक में आसनसोल उत्तर के विधायक और शहर की स्थानीय संस्थाओं को नहीं बुलाए जाने पर आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा ने कड़ा ऐतराज जताया है।

शंभूनाथ झा ने इस संबंध में मंत्री अग्निमित्रा पॉल, जिलाधिकारी और नगर निगम आयुक्त सहित सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भेजकर अपनी मांग रखी है।

क्या कहा शंभूनाथ झा ने?

अपने पत्र में उन्होंने लिखा है कि मंत्री जी द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के विकास को लेकर बैठक करना निश्चित रूप से स्वागत योग्य पहल है। लेकिन अत्यंत दुख की बात है कि ऐसी महत्वपूर्ण बैठक में आसनसोल उत्तर के विधायक जी दिखाई नहीं दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उससे भी अधिक चिंता की बात यह है कि आसनसोल शहर के विकास के लिए वर्षों से सक्रिय रूप से कार्य करने वाली स्थानीय संस्थाओं और उनके प्रतिनिधियों को भी इस बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया।

चेंबर सचिव ने उठाए बड़े सवाल

शंभूनाथ झा ने सवाल उठाया – क्या केवल बाहर से आने वाले अधिकारी ही आसनसोल की सभी समस्याओं और आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं? क्या आसनसोल में रहने वाले नागरिकों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और वर्षों से शहर के विकास के लिए काम कर रहे लोगों की सलाह की कोई आवश्यकता नहीं है?

उन्होंने कहा कि आसनसोल के विकास की योजनाएँ यदि आसनसोल की वास्तविक परिस्थितियों, यहाँ के लोगों की समस्याओं और स्थानीय संस्थाओं के अनुभव को ध्यान में रखकर बनाई जाएंगी, तभी उनका बेहतर परिणाम सामने आएगा।

सबको साथ लेकर चलने की अपील

चेंबर सचिव ने विनम्र अनुरोध किया है कि आगे से आसनसोल के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने वाली स्थानीय संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों और नागरिक प्रतिनिधियों को भी चर्चा में शामिल किया जाए।

उन्होंने कहा कि “आसनसोल का विकास केवल अधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं है; इसमें आसनसोल के लोगों की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। सभी को साथ लेकर चलने से ही एक बेहतर, सुंदर और विकसित आसनसोल का निर्माण संभव होगा।”


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *