आसनसोल में 30 हजार परिवारों की प्यास बुझेगी – उत्तर विधानसभा में नए ओवरहेड टैंक का उद्घाटन, विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने किया वादा
आसनसोल, शिल्पांचल टुडे।
आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वर्षों से चले आ रहे पेयजल संकट को खत्म करने के लिए शुक्रवार को एक नए ओवरहेड वाटर टैंक का उद्घाटन किया गया। इस टैंक के शुरू होने से करीब 30 हजार परिवारों को शुद्ध पेयजल मिल सकेगा।
उद्घाटन समारोह में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा, MED के Executive Engineer देबब्रत विश्वास, Assistant Engineer कृष्ण पद मंडल सहित दीपक गुप्ता, प्रदीप सिंह, बाबलू विश्वास, राहुल, विश्वजीत बाउरी, आस्तिक मंडल, गोपाल शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विधायक ने कहा – केंद्र से करोड़ों मिले, फिर भी पानी की किल्लत क्यों?
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि 2021 के चुनाव में भी इस इलाके में पानी की गंभीर समस्या थी और 2026 में फिर दौरा करने पर भी हालात वैसे ही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से पेयजल के लिए करोड़ों रुपये का फंड आया है, इसके बावजूद लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस नए टैंक के चालू होने से इलाके की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी और घर-घर शुद्ध पानी पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है।
सड़क और आवास पर भी बोले विधायक
विधायक ने नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा के काम की सराहना करते हुए कहा कि अभी निगम में निर्वाचित बोर्ड नहीं है, ऐसे में कमिश्नर ही पूरी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
उन्होंने खराब सड़कों को लेकर कहा कि सरकार को बने अभी कुछ ही महीने हुए हैं, फिर भी दुर्गा पूजा से पहले टैंक तैयार कर दिया गया है। अगली दुर्गा पूजा से पहले स्थायी जलापूर्ति शुरू करने का वादा भी उन्होंने किया।
साथ ही मिट्टी के घरों में रहने वाले लोगों से अपील की कि वे बोरो कार्यालय में आवेदन जमा करें, ताकि पात्र लोगों को सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाया जा सके।














