आसनसोल में बड़ा हादसा टला – ड्यूटी पर जा रहीं 2 महिला पुलिसकर्मियों की टोटो पलटी, कल्ला मोड़ पर मची चीख-पुकार
आसनसोल, शिल्पांचल टुडे
आसनसोल में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ड्यूटी पर जा रहीं दो महिला पुलिसकर्मियों की टोटो अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा कल्ला अस्पताल के पास हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बाराबनी थाने जा रही थीं दोनों जवान
घायल महिला पुलिसकर्मियों की पहचान बर्नपुर निवासी अल्पना धीवर और रुम्पा मंडल के रूप में हुई है। दोनों बाराबनी थाने में तैनात हैं और सुबह ड्यूटी के लिए टोटो से जा रही थीं।
जैसे ही टोटो कल्ला अस्पताल मोड़ के पास पहुंची, अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और टोटो सड़क पर ही पलट गई। टोटो पलटते ही दोनों महिला पुलिसकर्मी सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए दोनों को संभाला और बिना देर किए आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दोनों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टोटो को जब्त कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका है कि सड़क पर गड्ढा या तेज रफ्तार के कारण टोटो अनियंत्रित हुई।
इस घटना के बाद एक बार फिर टोटो की सुरक्षा और शहर में बेतरतीब तरीके से चल रहे टोटो पर सवाल खड़े हो गए हैं।














