मेदिनीपुर में BJP कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात – जिलाध्यक्ष बदले जाने के बाद गुटबाजी की चर्चा तेज
मेदिनीपुर, शिल्पांचल टुडे
पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के कदमटोला बाजार में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 32 वर्षीय बीजेपी कार्यकर्ता सामशेर बिस्वास की कथित तौर पर रॉड, लाठी और ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
चाय दुकान पर हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, सामशेर अपने मामा जाफर बिस्वास और कुछ अन्य लोगों के साथ कदमटोला बाजार में चाय पी रहे थे। तभी अचानक कुछ लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। हमले में सामशेर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है।
जिलाध्यक्ष बदले जाने के अगले ही दिन वारदात
इस हत्या के पीछे राजनीतिक एंगल भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि घटना से ठीक एक दिन पहले मेदिनीपुर सांगठनिक जिले में बीजेपी के जिलाध्यक्ष को बदला गया था। मृतक सामशेर और उनके मामा को पूर्व जिलाध्यक्ष समित मंडल का समर्थक बताया जा रहा है। इसी कारण इस हमले को संगठन के अंदर दो गुटों के बीच के विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, बीजेपी के जिला नेतृत्व ने गुटबाजी के आरोपों से साफ इनकार किया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि पुलिस को संदिग्धों के नाम सौंप दिए गए हैं और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।














