Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

अंडाल में आधी रात को कहर – तेल की कड़ाही से लगी आग में दिव्यांग दंपती का सब कुछ राख, रोजी-रोटी का सहारा उजड़ा

अंडाल, शिल्पांचल टुडे

अंडाल थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव मोड़ पर शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे ने एक दिव्यांग दंपती की जिंदगी की पूरी जमा-पूंजी छीन ली। एक छोटी सी तेलेवाजा की दुकान में तेल की कड़ाही से लगी आग ने पलभर में सब कुछ जलाकर राख कर दिया।

कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े 8 बजे दुकान की मालकिन आशा नंदी रोज की तरह दुकान में तेलेवाजा तलने के लिए कड़ाही में तेल गर्म कर रही थी। तभी अचानक गर्म तेल ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा फ्रिज, फर्नीचर, जरूरी कागजात और बिक्री के करीब 30 हजार रुपये नकद भी जलकर खाक हो गए। गनीमत रही कि आशा देवी समय रहते दुकान से बाहर निकल गईं, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण

आग की लपटें उठते देख स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही अंडाल थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी।

रोजी-रोटी पर संकट

आशा नंदी ने रोते हुए बताया कि उनके पति दिव्यांग हैं और परिवार की आय का एकमात्र सहारा यही छोटी सी दुकान थी। इसी दुकान से घर का खर्च और बच्चों की पढ़ाई का खर्च चलता था। अब दुकान जलने से परिवार के सामने भूखमरी की नौबत आ गई है।

परिवार के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती इस राख हो चुके कारोबार को दोबारा खड़ा करने की है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि वे फिर से अपने पैरों पर खड़े हो सकें।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *