कुणाल घोष पर अंडे-पत्थर फेंकने की घटना पर सियासी घमासान, दिलीप घोष ने TMC के आरोपों पर उठाए सवाल
कोलकाता /शिल्पांचल टुडे
तृणमूल कांग्रेस के नेता और विधायक कुणाल घोष की गाड़ी पर अंडे और पत्थर फेंके जाने की घटना के बाद बंगाल की राजनीति गरमा गई है।
क्या है पूरा मामला?
27 सितंबर को हुगली में एक सभा में जाते समय कुणाल घोष की गाड़ी को भीड़ ने घेर लिया और अंडे व पत्थर फेंके जाने की खबर सामने आई। इस घटना में गाड़ी का पिछला शीशा टूटने की भी बात कही जा रही है।
घटना के बाद कुणाल घोष ने इसे गंभीर हमला बताया और इसके लिए सीधे तौर पर बीजेपी पर आरोप लगाया।
दिलीप घोष का पलटवार
वहीं बीजेपी नेता दिलीप घोष ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने बीजेपी की भूमिका से इनकार करते हुए घटना के समय को लेकर सवाल खड़े किए।
दिलीप घोष ने कहा, “सभा शाम में थी, तो वो सुबह क्यों जा रहे थे? उन्हें रोकने वाला कौन था? इसका जवाब मिलना चाहिए। TMC नेता कई जगह सभाएं कर रहे हैं, उन्हें बोलने से किसी ने नहीं रोका है।”
इस बयान के बाद दोनों पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गया है।
अब बड़ा सवाल यही है कि सड़क पर राजनीतिक विरोध की सीमा क्या होनी चाहिए? हालांकि आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।














