बैंक ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर – 3 दिन की बैंक हड़ताल टली, आज खुलेंगे सभी बैंक
आसनसोल, शिल्पांचल टुडे
देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है। यानी आज 28 सितंबर को सभी बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
देर रात हुई बैठक में बनी सहमति
यह फैसला रविवार रात करीब 9:30 बजे इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई मैराथन बैठक के बाद लिया गया।
UFBU द्वारा जारी सर्कुलर के मुताबिक, कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी है:
1. सभी शनिवार छुट्टी पर बनेगी कमेटी: सभी शनिवार को बैंक बंद रखने की मांग पर IBA और UFBU की एक संयुक्त हाई-लेवल कमेटी बनाई जाएगी। यह कमेटी सभी विकल्पों पर विचार करेगी और ग्राहकों व संबंधित पक्षों से भी राय लेगी।
2. PLI स्कीम पर होगी बात: स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम में बदलाव को लेकर आगे भी बातचीत जारी रहेगी।
3. अन्य लंबित मुद्दों पर चर्चा: 8 मार्च 2024 के समझौते में दर्ज अन्य बचे हुए मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
इन आश्वासनों के बाद UFBU ने प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित (Defer) करने का फैसला लिया है।
ग्राहकों के लिए क्या मतलब है?
सबसे बड़ी बात यह है कि 28 से 30 सितंबर तक बैंकों के बंद रहने का संकट फिलहाल टल गया है। आज बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज होगा।
हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि हड़ताल पूरी तरह से रद्द नहीं हुई है, बल्कि सिर्फ टाली गई है। 5 दिन के वर्किंग वीक समेत अन्य मांगों पर आगे की बातचीत के बाद ही फाइनल फैसला होगा।














