बाराबनी के मंदिरा डैम में हादसा – नहाने गया 22 साल का इंजीनियरिंग छात्र डूबा, तलाश जारी
बाराबनी, शिल्पांचल टुडे
बाराबनी इलाके के मंदिरा डैम में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। नहाने के दौरान 22 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र के डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया। लापता छात्र की पहचान सुप्रियो चक्रवर्ती के रूप में हुई है।
दोस्तों के साथ गया था नहाने
जानकारी के मुताबिक, सुप्रियो अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार को मंदिरा डैम घूमने और नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा।
आपदा प्रबंधन टीम को दी गई सूचना
घटना की जानकारी आपदा प्रबंधन टीम को दे दी गई है। आज सुबह से फिर से तलाश अभियान शुरू किए जाने की तैयारी है।
इस हादसे के बाद छात्र के परिवार और दोस्तों में मातम और चिंता का माहौल है। वहीं प्रशासन ने लोगों से डैम और जलाशयों में नहाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने और गहरे पानी में न जाने की अपील की है।














