आसनसोल में SIR के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल – DM ऑफिस के बाहर प्रदर्शन, मतदाता सूची में पारदर्शिता की मांग
आसनसोल, शिल्पांचल टुडे
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोमवार को आसनसोल जिला कांग्रेस ने कल्याणपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
कई बड़े नेता रहे मौजूद
यह प्रदर्शन पूर्व जिला अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती के नेतृत्व में हुआ, जिसमें शोभित मुखर्जी, गौरव मुखर्जी, एस.एम. मुस्तफा समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
क्या है कांग्रेस की मांग?
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में आम मतदाताओं के नाम सूची से प्रभावित हो रहे हैं। पार्टी ने खास तौर पर गरीब, ग्रामीण और दस्तावेजी प्रक्रिया में दिक्कत झेल रहे लोगों के हितों को लेकर चिंता जताई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आगामी आसनसोल और दुर्गापुर नगर निगम चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची से जुड़ी आपत्तियों का समय पर समाधान होना चाहिए। पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखे जाएं और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए।
इस दौरान कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई, जो कांग्रेस के देशव्यापी SIR-विरोधी आंदोलन का हिस्सा है।
चुनाव आयोग का क्या कहना है?
वहीं दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि SIR से जुड़े सभी फैसले सामूहिक और सर्वसम्मति से लिए गए हैं। 26 सितंबर को हुई आयोग की बैठक के बाद जारी जानकारी में बताया गया था कि SIR के लिए BLO के जरिए दस्तावेज जुटाए जाएंगे और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हेल्प डेस्क और विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।














