पांडवेश्वर में भाजपा की बड़ी बैठक – आवास योजना को लेकर मंथन, विधायक जितेंद्र तिवारी बोले – जनता के साथ खड़े रहना ही हमारा संकल्प
पांडवेश्वर, शिल्पांचल टुडे
पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के बिलपहाड़ी गांव में भाजपा मंडल-2 की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य फोकस प्रधानमंत्री आवास योजना और संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करना रहा।
आवास योजना के मुद्दों पर हुई गहन चर्चा
बैठक में आवास योजना से जुड़े आम लोगों के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ कैसे मिले, किन लोगों का नाम सूची में छूट गया है और उन्हें कैसे जोड़ा जाए, इन सभी विषयों पर कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ दिलाने में पूरी मदद करेंगे।
विधायक जितेंद्र तिवारी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
बैठक में पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा,
“हमारी राजनीति का एक ही लक्ष्य है – लोगों के साथ खड़े रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना। आवास योजना गरीबों के सपनों का घर है, और एक भी पात्र व्यक्ति इस योजना से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना हम सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन सिर्फ चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर समय जनता के बीच रहकर काम करता है। क्षेत्र के लोगों की समस्याओं और जरूरतों को नजदीक से समझकर हरसंभव सहयोग करना ही हमारा संकल्प है।
बैठक में मंडल अध्यक्ष समेत मंडल-2 के सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।














