Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल में 7 दिवसीय महा स्वच्छता अभियान का शुभारंभ

आसनसोल, शिल्पांचल टुडे
साउथ बंगाल फेडरेशन ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और आसनसोल नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में शहर में सात दिवसीय स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान आसनसोल, रानीगंज, बराकर और कुल्टी समेत निगम क्षेत्र के सभी इलाकों में चलेगा।

अभियान के तहत विशेष रूप से व्यापारी वर्ग से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है। चैंबर के महासचिव जगदीश बागड़ी ने कहा, “अब माँ लक्ष्मी के आगमन का समय है, दुर्गा पूजा की खरीदारी शुरू हो गई है। सभी दुकानों में ग्राहक आ रहे हैं। हमारा सभी व्यापारियों से निवेदन है कि वे अपनी दुकान साफ रखें और दुकान के सामने के रास्ते को भी साफ रखें। अगर हर कोई अपने आस-पास का इलाका साफ रखेगा तो पूरा शहर अपने आप साफ हो जाएगा।”

डस्टबिन की व्यवस्था पर विशेष जोर

अभियान के दौरान निगम चिन्हित करेगा कि कहाँ-कहाँ डस्टबिन की जरूरत है। आवासीय इलाकों में डस्टबिन निगम द्वारा दिए जाएंगे, जबकि दुकानदारों को खुद डस्टबिन की व्यवस्था करनी होगी। हालांकि जो गरीब दुकानदार डस्टबिन खरीदने में असमर्थ हैं, उन्हें चैंबर की ओर से डस्टबिन उपलब्ध कराया जाएगा।

अभियान के उद्देश्य पर साउथ बंगाल फेडरेशन ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रेसिडेंट वीरेंद्र कुमार ढल ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य खासकर व्यवसायी वर्ग और आम नागरिकों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी जितनी सरकार और कॉर्पोरेशन की है, उतनी ही हम लोगों की भी एक व्यक्तिगत नागरिक के तौर पर है।

उन्होंने कहा, “अगर हम अपना घर, अपनी दुकान और अपने आस-पास की जगह साफ रखेंगे तो पूरा शहर साफ रहेगा और आसनसोल भी एक सुंदर शहर के रूप में गिना जाएगा।”

उन्होंने बताया कि यह जागरूकता टैबलो दुर्गापुर को छोड़कर आसनसोल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों – आसनसोल, रानीगंज, बराकर, कुल्टी में घूम-घूम कर लोगों को जागरूक करेगी।

दुकानदारों को डस्टबिन उपलब्ध कराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले सभी दुकानदारों को खुद डस्टबिन रखने के लिए कहा जाएगा, लेकिन अगर कोई दुकानदार असमर्थ होगा तो फेडरेशन और चैंबर की तरफ से उसकी मदद भी की जाएगी।

इस मौके पर चैंबर के प्रेसिडेंट वी के ढल, जगदीश बगड़ी, सीनियर मेंबर बाल गोविंद मुकीम, मनेंद्र कुंद्रा, वाइस प्रेसिडेंट अनिल जालान सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *