आसनसोल में गड्ढों वाली सड़क पर ADPC कांस्टेबल घायल, विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी की पहल पर शुरू हुई मरम्मत
शिल्पांचल टुडे आसनसोल।
आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 31 की पुराना स्टेशन रोड से कल्ला जाने वाली सड़क लंबे समय से अपनी बदहाली के कारण चर्चा में है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों के कारण यह सड़क लोगों के लिए परेशानी और हादसों का सबब बनी हुई थी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन गड्ढों की वजह से आए दिन टोटो और बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। ताजा मामला शुक्रवार का है, जब ADPC में तैनात एक महिला कांस्टेबल स्कूटी से जा रही थी और गड्ढे में फंसकर गिर गईं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई है।
विधायक ने लिया तुरंत संज्ञान
घटना की जानकारी मिलते ही बीजेपी नेता चिंटू शर्मा ने आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी को पूरे मामले से अवगत कराया। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अपने प्रतिनिधि दीपक गुप्ता को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया।
साथ ही विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा से फोन पर बात कर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने को कहा।
गिट्टी डालकर भरे जा रहे हैं गड्ढे
विधायक के हस्तक्षेप के बाद से सड़क मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। फिलहाल बड़े-बड़े गड्ढों को गिट्टी और स्टोन डालकर भरने का काम चल रहा है ताकि सड़क को चलने लायक बनाया जा सके।
5 करोड़ का टेंडर, जल्द होगा स्थायी समाधान
विधायक प्रतिनिधि दीपक गुप्ता ने बताया कि आसनसोल उत्तर विधानसभा के सभी 32 वार्डों में सड़क मरम्मत का काम जल्द ही शुरू होने वाला है। इसके लिए विधायक ने नगर निगम प्रशासक को पत्र भी सौंपा है।
उन्होंने बताया कि लगभग 5 करोड़ रुपये के सड़क मरम्मत कार्य का टेंडर निकल चुका है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही स्थायी मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा।
दीपक गुप्ता ने लोगों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि नई सरकार को बने अभी करीब पांच महीने ही हुए हैं और आने वाले समय में क्षेत्र की सभी लंबित समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
इस दौरान मौके पर चिंटू शर्मा, अजय कुशवाहा, विवेक शॉ, दीपक मिश्रा और गोपाल शर्मा समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।














