सीतारामपुर-लछीपुर में फिर लूट का सनसनीखेज आरोप, 2.80 लाख का बिल और मारपीट – पुलिस की दबिश के बाद दुकान बंद
शिल्पांचल टुडे सीतारामपुर।
कुल्टी थाना क्षेत्र के चर्चित लछीपुर लालबत्ती इलाके में एक बार फिर ग्राहकों के साथ कथित लूट और मारपीट का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी कर संबंधित दुकान को बंद करा दिया है।
धनबाद-गिरिडीह के ग्राहकों से लूट का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, धनबाद और गिरिडीह से कुछ ग्राहक कार से लछीपुर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्हें एक दलाल के माध्यम से पीछे मंडी स्थित सागर पासवान की दुकान पर ले जाया गया। वहां से सागर और अमित नामक युवकों द्वारा उन्हें अजय नामक व्यक्ति के एसी रूम में ले जाया गया।
पीड़ितों का आरोप है कि देर रात अचानक उनसे करीब 2.80 लाख रुपये का बिल मांगा गया। इसका विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और कथित तौर पर लगभग 50 हजार रुपये नकद छीन लिए गए। इसके अलावा करीब 1 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्राहकों ने दिखाई हिम्मत, आरोपी का फोन पुलिस को सौंपा
इसी दौरान किसी तरह घटना की सूचना पुलिस तक पहुंच गई। पुलिस के आते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे। इस बीच ग्राहकों ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी का मोबाइल फोन छीनकर पुलिस को सौंप दिया, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
सूचना मिलते ही कुल्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने फिलहाल संबंधित दुकान को बंद करा दिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
फिर उठा वही सवाल – लछीपुर में कब रुकेगा यह खेल?
लछीपुर में इस तरह की घटनाएं कोई नई बात नहीं है। पहले भी यहां ग्राहकों से लूट और मारपीट की कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। कुछ समय तक शांति रहने के बाद एक बार फिर ऐसी घटना सामने आने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और कथित दलाली नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी इसी तरह के मामले में पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बावजूद दोबारा घटना होने से सवाल उठ रहा है कि आरोपियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। लूट की वास्तविक रकम और घटना में शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।














