आसनसोल में ‘CYBER PRAHAAR’ का बड़ा असर, नियामतपुर से 7 साइबर ठग गिरफ्तार, 115 पहुंचा आंकड़ा
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
साइबर अपराधियों के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘CYBER PRAHAAR’ के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोमवार रात कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर इलाके में छापेमारी कर साइबर अपराध से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
6 मोबाइल और 2 बाइक बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि बरामद की गई दोनों मोटरसाइकिलें साइबर ठगी से अर्जित पैसों से खरीदी गई थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अब तक 115 आरोपी पकड़े गए
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, अगस्त 2026 के तीसरे सप्ताह से शुरू हुए ‘CYBER PRAHAAR’ अभियान के तहत यह लगातार कार्रवाई जारी है। इस अभियान के तहत अब तक साइबर अपराध में अलग-अलग भूमिकाओं में कथित तौर पर शामिल कुल 115 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने साफ कहा है कि साइबर अपराध और ऐसे अपराधों में किसी भी रूप में सहयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।














