Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

चंदन भल्ला हत्याकांड में 40 घंटे में बड़ा खुलासा, बीरभूम पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, 13 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजे गए

शिल्पांचल टुडे, बोलपुर।

बोलपुर के बहुचर्चित भाजपा बूथ अध्यक्ष चंदन भल्ला हत्याकांड में बीरभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के महज 40 घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमीन कारोबारी दीपंकर राय और मोबाइल दुकान के मालिक शेख अनारुल के रूप में हुई है। बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज ने मंगलवार को बोलपुर थाने से बाहर निकलते हुए मीडिया को इस गिरफ्तारी की पुष्टि की।

बाइक सवारों ने मारी थी गोली

बता दें कि 27 सितंबर की देर शाम बोलपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार हमलावरों ने चंदन भल्ला को सरेआम गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल चंदन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया था और राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई थी।

कोर्ट ने दिया 13 दिन का रिमांड

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई संदिग्धों से पूछताछ की, जिसके बाद इन दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। मंगलवार को दोनों को बोलपुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश अमीर लोहार ने दोनों को 13 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

जमीन विवाद एंगल पर जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में भले ही इस हत्याकांड का कोई सीधा राजनीतिक कनेक्शन सामने नहीं आया है, लेकिन मृतक के भाजपा से जुड़े होने के कारण मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। पुलिस अब जमीन-जायदाद से जुड़े विवाद समेत हर एंगल से जांच कर रही है।

पुलिस का अब मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई, गोली चलाने वाले शूटर कौन थे और इस हत्याकांड में और कितने लोग शामिल हैं। दो गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस की जांच जारी है।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *