जामुड़िया के विकास पर बड़ी बैठक, विधायक बिजन मुखर्जी ने नगरपालिका अधिकारियों के साथ किया मंथन, नागरिक सेवाओं में सुधार पर जोर
शिल्पांचल टुडे, जामुड़िया।
जामुड़िया के समग्र विकास और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने को लेकर बुधवार को जामुड़िया नगरपालिका कार्यालय में एक अहम बैठक हुई। विधायक *बिजन मुखर्जी* ने नगरपालिका के कमिश्नर और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में जामुड़िया शहर के विकास कार्यों में तेजी लाने, साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, ड्रेनेज और अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार को लेकर मंथन किया गया। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि आम जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए और लोगों को नगरपालिका के चक्कर न लगाने पड़े।
जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
विधायक बिजन मुखर्जी ने स्पष्ट किया कि जामुड़िया के हर वार्ड में विकास कार्य समान रूप से होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित पड़े कार्यों को जल्द पूरा किया जाए और नई योजनाओं को जमीन पर उतारा जाए।
उन्होंने कहा कि नगरपालिका और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से ही जामुड़िया का तेज गति से विकास संभव है।
इस बैठक को जामुड़िया के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। बैठक में नगरपालिका के कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।














