आसनसोल के गारुई ब्रिज पर मौत को दावत, सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और निकलीं लोहे की छड़ें, MLA कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने किया निरीक्षण, 8 अक्टूबर तक मरम्मत का आश्वासन
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के NH-19 स्थित गारुई ब्रिज की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। पुल की सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
सबसे खतरनाक बात यह है कि सड़क के अंदर लगी लोहे की छड़ें (सरिया) बाहर निकल कर मुड़ गई हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
दिल्ली-कोलकाता का महत्वपूर्ण मार्ग
गारुई ब्रिज कोलकाता-दिल्ली और दिल्ली-कोलकाता दोनों तरफ जाने वाले हजारों वाहनों के लिए लाइफलाइन है। हर रोज इस पुल से सैकड़ों ट्रक, बस और छोटे वाहन गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण गाड़ियों को रेंग-रेंग कर चलना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय यहां लंबा जाम लग जाता है और लोगों को घंटों फंसा रहना पड़ता है।
मौके पर पहुंचे विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय
आम लोगों की परेशानी की खबर मिलते ही बुधवार को आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय खुद गारुई ब्रिज का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने पुल पर बने गड्ढों, दरारों और बाहर निकली लोहे की छड़ों का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद विधायक ने कहा, “NH-19 पर स्थित इस पुल की स्थिति बहुत खराब है। जगह-जगह गड्ढे और दरारें हैं और लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं। यह दुर्घटना को खुला न्योता है। शाम को यहां जाम की गंभीर समस्या बन जाती है।”
DM और NHAI से की बात
विधायक ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर मुद्दे को लेकर पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम और NHAI (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के अधिकारियों से बात की है।
उन्होंने दावा किया कि NHAI ने उन्हें आश्वासन दिया है कि 8 अक्टूबर तक गारुई ब्रिज की मरम्मत का काम पूरा कर दिया जाएगा।
अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि वादे के मुताबिक मरम्मत जल्द पूरी होगी और जाम और हादसे के खतरे से छुटकारा मिलेगा।














