जन्मदिन पार्टी में हवाई फायरिंग से दहशत, आधी रात सड़क पर जश्न का वीडियो वायरल, हीरापुर पुलिस ने युवक को लिया हिरासत में
शिल्पांचल टुडे, बर्नपुर।
बर्नपुर में आधी रात को सड़क पर मनाए जा रहे जन्मदिन समारोह का एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। वायरल वीडियो में एक युवक को सरेआम हथियार जैसी वस्तु से हवा में फायरिंग करते हुए देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो शहर के हीरापुर थाना क्षेत्र का है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ युवक सड़क पर केक काटकर जन्मदिन मना रहे हैं और उसी दौरान एक युवक हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु लेकर हवा में फायर करता है। सड़क पर इस तरह खुलेआम फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए हिरापुर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
खिलौना बंदूक या असली हथियार?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक नया मोड़ सामने आया है। पुलिस को संदेह है कि वीडियो में जिस हथियार से फायरिंग की जा रही है, वह असली नहीं बल्कि खिलौना बंदूक हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। फोरेंसिक जांच और युवक से पूछताछ के बाद ही साफ हो पाएगा कि हथियार असली था या नकली और फायरिंग क्यों की गई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आधी रात को सड़क पर इस तरह का जश्न मनाने की अनुमति किसने दी और इसमें और कौन-कौन शामिल था।














